युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कटनी में छेड़ी गरबा की तान, थिरके भाजपा कार्यकर्ता, कटनी पहुंचने पर सेवा संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत, सांसद भी रहे मौजूद

कटनी, यशभारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा बड़नगर से वाराणसी तक निकाली का रही सेवा यात्रा कल रात कटनी पहुंची। यात्रा के साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी और प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर भी कटनी पहुंचे। आज क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा की मौजूदगी में युवा मोर्चा द्वारा सेवा यात्रा के तत्वाधान में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। युवा मोर्चा नेताओं का कटनी युवा मोर्चा ने मझगवां में भव्य स्वागत किया। बच्चों को नमो सेवा लाइब्रेरी भी समर्पित की गई। राघव रीजेंसी में आयोजित कार्यक्रम में खुद युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गरबा का गायन किया। आज दोपहर बाद जिले के विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम हुआ।
यह यात्रा ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा के 25 वर्ष’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित की गई है। इस बाइक यात्रा के दौरान एक काफिला वडनगर (गुजरात) से 10 पवित्र नदियों का जल लेकर वाराणसी जा रहा है, वहीं दूसरा काफिला वाराणसी से मां गंगा का जल लेकर वडनगर आ रहा है। इसका उद्देश्य देश की अलग-अलग सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं को जोड़ना और युवाओं को राष्ट्र निर्माण के कार्यों से प्रेरित करना है। यात्रा के मार्ग में स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, गौ-सेवा और जन-कल्याण के संदेश प्रसारित किए जा रहे।
इसके पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी के कटनी आगमन पर कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। मझगवां स्थित एम फॉर सेवा समिति कटनी परिसर में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, सांसद विष्णु दत्त शर्मा, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर की उपस्थिति में नमो सेवा लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। नमो सेवा लाइब्रेरी बच्चों को अच्छी पुस्तकें उपलब्ध कराके विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की पहल होगी । इस अवसर पर अतिथियों ने जल जन सेवा यात्रा के महत्व को प्रतिपादित करते हुए बच्चों का उत्साह वर्धन किया। कार्यकर्ताओं के भेंट के दौरान युवा मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी द्वारा मां भगवती की आराधना के प्रतीक गरबा भक्ति गीत का गायन किया गया उस गरबा गीत पर समस्त पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं द्वारा गरबा डांस किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महापौर श्रीमति प्रीति सूरी, श्याम निषाद, पीतांबर टोपनानी, सुरेश सोनी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मृदुल मिश्रा, जिलाध्यक्ष पारस जैन, अनूसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष ओमेंद्र अहिरवार ओमी,पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप साहू, सुरेश यादव,अभिषेक शर्मा, कुशल मिश्रा, शअर्शिव सेन, प्रमुख कस्तवार आदि मौजूद रहे।






