कटनी

कोयला माफियाओं पर खनिज विभाग का शिकंजा, अवैध परिवहन करते दो हाइवा जब्त

ई-टीपी के खेल का खुलासा, दस्तावेजों में कम और वाहनों में ज्यादा कोयला; लंबे समय से चल रहे अवैध कारोबार पर कार्रवाई

कोयला माफियाओं पर खनिज विभाग का शिकंजा, अवैध परिवहन करते दो हाइवा जब्त

ई-टीपी के खेल का खुलासा, दस्तावेजों में कम और वाहनों में ज्यादा कोयला; लंबे समय से चल रहे अवैध कारोबार पर कार्रवाई02 04

कटनी,यशभारत। जिले में लंबे समय से फल-फूल रहे कथित अवैध कोयला कारोबार पर आखिरकार खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हाइवा वाहनों को जब्त किया है। पन्ना नाका क्षेत्र में सोमवार को की गई इस कार्रवाई में कोयले का परिवहन कर रहे दो हाइवा वाहनों में ई-टीपी (ई-ट्रांजिट पास) और वास्तविक लोड के बीच भारी अंतर मिलने के बाद विभाग ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।

जानकारी के अनुसार कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के मार्गदर्शन में खनिज अमला पन्ना नाका क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रहा था। जांच के दौरान कोयला लेकर जा रहे दो हाइवा वाहनों को संदिग्ध पाए जाने पर पिपरोंध वन चौकी के पास रोका गया।

जांच में सामने आया कि वाहन क्रमांक आरजे-09-जीई-2000 और आरजे-14-जीजे-5414 के लिए जारी ई-टीपी में दर्ज कोयले की मात्रा और वाहनों में वास्तविक रूप से लदे कोयले की मात्रा में भारी विसंगति है। प्रथम दृष्टया मामला अवैध परिवहन का पाए जाने पर दोनों वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया और उन्हें कलेक्ट्रेट परिसर स्थित खनिज शाखा में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।

सूत्रों की मानें तो जिले में काफी समय से कोयले के अवैध परिवहन की शिकायतें सामने आ रही थीं। आरोप हैं कि दस्तावेजों की आड़ में अतिरिक्त कोयला परिवहन कर शासन को राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही थी। हालांकि विभागीय कार्रवाई के बाद अब इस पूरे नेटवर्क पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं कि आखिर इतने लंबे समय से यह खेल किन संरक्षणों में संचालित हो रहा था।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। विभाग अब केवल दिन में ही नहीं बल्कि रात के समय भी औचक जांच और छापामार कार्रवाई करेगा। अधिकारियों का कहना है कि अवैध परिवहन में शामिल किसी भी वाहन, संचालक या कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।

उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है तथा अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में जिले में खनिज एवं कोयला परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। ऐसे में दो हाइवा की जब्ती को खनिज माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि जांच केवल वाहनों की जब्ती तक सीमित रहती है या फिर अवैध कारोबार की पूरी श्रृंखला तक पहुंचती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button