
कटनी, यशभारत। कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कन्हवारा में अवैध उत्खनन का विरोध करने पर खनन माफियाओं ने ग्रामीणों के घर में घुसकर मारपीट की। इस घटना में महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। एक गर्भवती महिला भी शामिल है। मामले की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम जटवारा निवासी दीपक परिहार, ग्राम चाका निवासी अभिषेक पटेल और लखन साहू के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार लखन साहू भाजपा ग्रामीण मंडल का वरिष्ठ पदाधिकारी है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है। ग्रामीणों ने बताया कि कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कन्हवारा क्षेत्र के जंगलों में लंबे समय से मुरूम, बॉक्साइट और आयरन ओर का अवैध रूप से उत्खनन किया जा रहा है। आदिवासी परिवारों का कहना है कि जंगल में चल रहे अवैध उत्खनन को रोकने के लिए इसकी शिकायत वन विभाग को दी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और उल्टे इसकी जानकारी खनन से जुड़े लोगों तक पहुंच गई। पीडि़तों ने बताया कि विगत 14 और 15 मार्च की दरमियानी रात करीब 2 बजे दीपक परिहार सहित 7-8 लोग वाहनों से कन्हवारा गांव पहुंचे और तीन आदिवासी परिवारों के घरों में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। सुखदेव प्रसाद कोल सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने महिलाओं और पुरुषों को बेरहमी से पीटा। घर में मौजूद एक गर्भवती महिला के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पीडि़त गोरेलाल कोल ने आरोप लगाया कि हमलावर जबरन वाहन में बैठाकर उत्खनन स्थल तक ले गए और लात घूंसों से मारपीट की। कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि सुखदेव प्रसाद उर्फ भूरा कोल पिता शिवप्रसाद कोल निवासी ग्राम कन्हवारा की रिपोर्ट पर दीपक परिहार निवासी जटवारा, अभिषेक पटेल निवासी चाका एवं लखन साहूके विरूद्ध धारा 296, 115(2), 191(2), 190, 331(6), 351(3) बीएनएस 3(1) द, 3(1) ध, 3(2) क 3(2) 5 एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।