कुएं में गिरी जंगली बिल्ली, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, बखलेहटा रेलवे स्टेशन के पीछे हुई घटना

कटनी, यशभारत। वन परिक्षेत्र रीठी के अंतर्गत ग्राम बख्लेहटा में रेलवे स्टेशन के पीछे एक कुएं में जंगली बिल्ली गिर गई। आसपास के ग्रामीणों द्वार इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया तथा जंगली बिल्ली को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया। इसके बाद वन क्षेत्र की ओर सुरक्षित छोड़ दिया गया। उक्त रेस्क्यू में वन रक्षक सनोद कोल, प्रशांत कुमार, रोहित कोल एवं स्थाई कर्मी शिवदास गडारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीएफओ गर्वित गंगवार ने बताया कि जंगली कैट भारत में पाई जाने वाली एक मध्यम आकार की जंगल बिल्ली है। इसका शरीर पतला, पैर लंबे तथा कान नुकीले होते हैं, जिनके सिरों पर छोटे काले बाल दिखाई देते हैं। इसका रंग सामान्यत: भूरा या पीला भूरा होता है, जिससे यह घास और झाडिय़ों में आसानी से छिप जाती है। यह मुख्यत: घासभूमि, दलदली क्षेत्रों, कृषि भूमि और जंगलों के किनारों पर पाई जाती है। जंगल कैट चूहे, पक्षी, सरीसृप और छोटे स्तनधारियों का शिकार करती है। यह पारिस्थितिकी तंत्र में कृंतक नियंत्रण कर जैविक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।






