कटनी

महर्षि आश्रम के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या और प्रताडऩा का आरोप

कटनी, यशभारत। उमरियापान थाना क्षेत्र स्थित महर्षि महेश योगी वैदिक आश्रम के छात्र की सदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। छात्र करौंदी आश्रम के एक कमरे में छात्र फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने मानसिक प्रताडऩा और हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि छात्र ने आश्रम के कुछ साथियों से रुपये उधार लिए थे। इसी को लेकर उसे मानसिक दबाव और प्रताडऩा का सामना करना पड़ रहा था। परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले छात्र घर से 15 हजार रुपये लेकर किसी व्यक्ति को देने के लिए आश्रम गया था। परिवार का दावा है कि इसी विवाद को लेकर उस पर दबाव बनाया जा रहा था। घटना से एक दिन पहले छात्र ने अपनी बहनों से फोन पर बातचीत की थी और रक्षाबंधन पर घर आने का वादा किया था। बहनें भाई की कलाई पर राखी बांधने का इंतजार कर रही थीं लेकिन अगले दिन आश्रम से उसकी मौत की खबर पहुंची। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि छात्र लगातार मिल रहे मानसिक दबाव और कथित प्रताडऩा से परेशान था। हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के मुताबिक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। लेनदेन और प्रताडऩा से जुड़े आरोपों को भी जांच में शामिल करते हुए आश्रम के अन्य छात्रों तथा संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल छात्र की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button