हर दिन सामने आ रहे सायबर ठगी के मामले, अब झिंझरी का बुजुर्ग बना ठगी का शिकार, बैंक खाते से उड़ाई रकम, साइबर सेल की मदद से अज्ञात ठग की तलाश में जुटी पुलिस

कटनी, यशभारत। माधवनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झिंझरी का सामने में एक व्यक्ति के बैंक खाते से अज्ञात ठग ने रकम पार कर दी। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झिंझरी निवासी 41 वर्षीय सुखदेव प्रसाद पटेल पिता ईश्वरी प्रसाद पटेल 9 सितंबर की शाम करीब 04.30 बजे अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात शातिर ठग ने धोखाधड़ी की नीयत से उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी और खाते से पैसे उड़ा लिए। जब पीड़त के मोबाइल पर खाते से राशि कटने का मैसेज आया, तब जाकर उन्हें इस ठगी का पता चला। खाते से अचानक बिना किसी लेनदेन के पैसे कटने पर पीडि़त ने तत्काल बैंक और पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पीड़ित सुखदेव प्रसाद पटेल ने 12 सितंबर की दोपहर माधवनगर थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट पर माधवनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस की प्राथमिक जांच टीम संबंधित बैंक खाते की ट्रांजैक्शन हिस्ट्री, कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है। साथ ही पुलिस की साइबर सेल की मदद से उस डिजिटल वॉलेट या बैंक खाते की जानकारी निकाली जा रही है, जिसमें यह रकम ट्रांसफर की गई है।







