कटनी से जबलपुर शराब की तस्करी, मुखबिरों की सूचना पर पनागर पुलिस ने की कार्रवाई, ढाई लाख की अवैध शराब जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। कटनी से जबलपुर लाई जा रही अवैध शराब की बड़ी खेप पनागर पुलिस ने जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है। प्रारंभिक जांच में शराब का संबंध शहर के कुख्यात तस्करों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार शेख समीर 34 वर्ष पिता शेख बसीर निवासी कटंगा टीवी टॉवर बिना नंबर की नीले रंग की स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में शराब लेकर कटनी से जबलपुर की ओर जा रहा था। सूचना मिलने पर पनागर पुलिस ने मझौली बायपास के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। कार की तलाशी में डिक्की से भारी मात्रा में शराब बरामद हुईए जिसमें 20 कार्टन में 50 पाव गोवा अंग्रेजी शराब, 2 कार्टन में 24 बोतल व्हिस्की, 8 पीएम स्पेशल व्हिस्की की 48 बोतल, बैगपाइपर के 48 पाव, आइकोनिक रम की 24 बोतल, मैजिक मूमेंट जामुन की 12 बोतल और मैजिक मूमेंट ऑरेंज की 60 बोतलें शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह शराब घमापुर क्षेत्र निवासी साहिल यादव और झामनदास चौराहा कांचघर क्षेत्र निवासी निहाल नायडू के कहने पर मात्र 2 हजार रुपये में लेकर आ रहा था। शराब की खेप इन्हीं दोनों को सौंपनी थी। पुलिस के अनुसारए आरोपी अवैध रूप से शराब का स्टॉक कर बिक्री की तैयारी में था। मामले की आगे जांच जारी है।







