ओम साई विजन को लेकर विपक्ष का हल्ला बोल, नगर निगम परिषद की बैठक में उठा मुद्दा, 4 लाख रुपए हर महीने भुगतान पर उठाया सवाल

कटनी, यश भारत। नगर निगम सभागार में करीब चार महीने बाद आयोजित परिषद की बैठक में ओम साई विजन की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए विपक्ष ने जमकर हल्ला बोला। वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन एवं मौसूफ़ अहमद बिट्टू ने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा ओम साई विजन को हर महीने 4 लाख रुपए का भुगतान किया जा रहा है लेकिन शहर में स्वच्छता को लेकर न तो कोई गतिविधियां नजर आ रही है और न ही नुक्कड़ नाटक का आयोजन हो रहा है। विपक्ष के आरोपों पर जबाव देते हुए महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि ओम साई विजन के माध्यम से शहर में कई तरह की जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हो रहा है और अभी हाल ही में कटायघाट मेले में भी नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया गया। परिषद की बैठक के दौरान शहर विकास के अन्य मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार सहित मेयर इन कौंसिल सदस्यों और पार्षदों की उपस्थिति रही। इसके पहले नगर निगम परिषद की बहुप्रतीक्षित बैठक दोपहर ठीक 2 बजे से नगर निगम अध्यक्ष की अध्यक्षता में शुरू हुई। एजेंडे में शहर के विकास से जुड़ कई विषयों पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान सावरकर वार्ड के पार्षद राजेश भास्कर ने कई विषयों को लेकर सवाल उठाते हुए निगम प्रशासन को घेरने का प्रयास किया।







