कटनी

एसपी ने जारी की थानों की रैंकिंग, कुठला, बहोरीबंद और एनकेजे अव्वल, बड़वारा, स्लीमनाबाद और विजयराघवगढ़ फिसड्डी

कटनी, यशभारत। जिले में पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए कटनी पुलिस ने अप्रैल महीने की जनसंतुष्टि आधारित थानों की रैंकिंग जारी की है। इस रैंकिंग में आम नागरिकों, फरियादियों और थाना आने वाले आगंतुकों से प्राप्त फीडबैक को आधार बनाया गया है। पुलिस विभाग द्वारा यह फीडबैक थानों में उपलब्ध आगंतुक रजिस्टर में दर्ज टिप्पणियों और स्कैन करें फीडबैक भरें डिजिटल नवाचार के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त प्रतिक्रियाओं के जरिए संकलित किया गया। प्राप्त फीडबैक की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा क्रॉस कॉलिंग कर सत्यापन भी किया गया। जारी रैंकिंग में अप्रैल महीने के दौरान जिले के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले थानों में कुठला थाने ने 91.46 प्रतिशत के साथ पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर बहोरीबंद थाने 91.36 प्रतिशत और तीसरे स्थान पर थाना एनकेजे 91.12 प्रतिशत संतुष्टि के साथ रहे, वहीं अपेक्षाकृत कम रैंकिंग वाले थानों में थाना बड़वारा 86.32 प्रतिशत, थाना स्लीमनाबाद 86.78 प्रतिशत तथा थाना विजयराघवगढ़ 86.79 प्रतिशत संतुष्टि के साथ शामिल रहे। कटनी पुलिस का स्कैन करें फीडबैक भरें अभियान आमजन के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। शिकायत दर्ज कराने पहुंचे नागरिकों, चरित्र सत्यापन के लिए आने वाले युवाओं और अन्य आगंतुकों ने पुलिस के व्यवहार, सेवाओं की गुणवत्ता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले महीनों की तुलना में जनसंतुष्टि प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है, जो कटनी पुलिस की संवेदनशील, पारदर्शी और जनकेंद्रित कार्यप्रणाली को दर्शाता है। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे नवाचारों और सेवा सुधार अभियानों को निरंतर जारी रखने की बात कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button