ई केवाईसी की अंतिम तारीख नजदीक, गैस उपभोक्ता जल्द करें सत्यापन 30 जून तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर सब्सिडी पर पड़ सकता है असर
e-KYC deadline approaching; gas consumers should complete verification soon Failure to complete the process by June 30 could affect the subsidy.

ई केवाईसी की अंतिम तारीख नजदीक, गैस उपभोक्ता जल्द करें सत्यापन , 30 जून तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर सब्सिडी पर पड़ सकता है असर
भोपाल, यश भारत। एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए ई केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है। पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशानुसार जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन का आधार सत्यापन या ई केवाईसी नहीं कराया है उन्हें 30 जून 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। निर्धारित समय सीमा के बाद ऐसे उपभोक्ताओं की गैस सब्सिडी रोकी जा सकती है। तेल कंपनियों के अधिकारियों के अनुसार फिलहाल ई केवाईसी नहीं होने पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति तत्काल बंद नहीं की जाएगी लेकिन 1 जुलाई से सब्सिडी का लाभ प्रभावित हो सकता है। अधिकारियों ने बताया कि आगामी चरणों में लंबे समय तक सत्यापन लंबित रहने पर संबंधित गैस कनेक्शन को निष्क्रिय या निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए जल्द से जल्द अपने गैस एजेंसी कार्यालय या निर्धारित माध्यमों से ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए। जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही आधार प्रमाणीकरण या ई केवाईसी करा ली है उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की आवश्यकता नहीं है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2016 से एलपीजी गैस खातों को आधार से लिंक करने की व्यवस्था लागू की थी। अब पारदर्शिता बढ़ाने और पात्र उपभोक्ताओं तक सब्सिडी का लाभ सुनिश्चित करने के लिए ई केवाईसी को अनिवार्य किया जा रहा है। अधिकारियों ने सभी उपभोक्ताओं से समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।







