अभिरक्षा से फरार युवक जंगल में गंभीर हालत में मिला : मां की गुहार के बाद जांच की मांग तेज

यशभारत , डिंडोरी ।डिंडौरी जिले के शाहपुर थाना से पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए युवक उमेश कुमार का मामला अब और गंभीर होता नजर आ रहा है। युवक गोरखपुर डेम से लगे जंगल क्षेत्र में गंभीर अवस्था में मिला। परिजनों ने युवक की स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए हैं, वहीं पुलिस ने इलाज के बाद बयान और तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर थाना पुलिस अभिरक्षा से रविवार रात करीब 10 बजे फरार हुए उमेश कुमार को गोरखपुर डेम के पास जंगल क्षेत्र से बरामद किया गया। परिजनों का दावा है कि युवक बेशर्म की झाड़ियों के बीच अचेत अवस्था में मिला।
परिवार के मुताबिक युवक की हालत बेहद खराब थी और वह सामान्य रूप से बात नहीं कर पा रहा था। परिजनों का कहना है कि उसके मुंह में पत्ते भरे हुए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया। साथ ही उसके बाएं पैर में सूजन और चोट के निशान भी दिखाई दिए।
गंभीर हालत को देखते हुए परिजन युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. नितिन देशमुख के अनुसार प्रारंभिक जांच में मरीज का ब्लड प्रेशर और शुगर स्तर कम पाया गया है तथा उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि युवक डरा हुआ था और पुलिस के पास जाने से मना कर रहा था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले को लेकर एसडीओपी शहपुरा ने कहा कि युवक का उपचार जारी है। उसके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि युवक की मां पहले ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिंडौरी से बेटे की तलाश की गुहार लगाते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगा चुकी थीं। अब युवक के मिलने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की मांग तेज हो गई है।







