अगले माह 24 व 25 फरवरी को भोपाल में होगा ग्लोबल इन्वेटर्स समिट का आयोजन : सांसद कुशवाह एवं कलेक्टर की मौजूदगी में उद्यमियों व निवेशकों के साथ हुई अहम बैठक

ग्वालियर l ग्वालियर-चंबल अंचल सहित सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में निवेश को और अधिक प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अगले माह 24-25 फरवरी को भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होने जा रही है। इस समिट में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। ग्वालियर क्षेत्र के निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में आमंत्रित करने के उद्देश्य से एमपीआईडीसी (मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम) द्वारा मंगलवार 28 जनवरी की शाम ग्वालियर शहर के एक स्थानीय होटल में निवेशकों व उद्यमियों के साथ बैठक की गई।
सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की मौजूदगी में हुई बैठक में उद्योग, खनन, पर्यटन, और रियल एस्टेट से संबंधित निवेशकों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए आमंत्रित कर पंजीयन कराया गया । साथ ही इन्वेस्टर्स समिट के लिए नामांकन की प्रक्रिया समझाई। निवेशकों ने प्रदेश के साथ-साथ ग्वालियर-चम्बल संभाग में निवेश एवं रोजगार को बढ़ाने के लिए अपने-अपने सुझाव भी दिए। ज्ञात हो ग्वालियर-चम्बल संभाग में उद्योग, खनन, पर्यटन, रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों में निवेश की अपार संभावनाएँ हैं। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में इन सेक्टर में निवेश आकर्षित करने के लिये विशेष प्रयास किए जायेंगे।
ग्वालियर में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर हुई इस अहम बैठक में उक्त सेक्टर के निवेशक, सीआईआई मध्यप्रदेश के अध्यक्ष श्री आशीष वैश्य, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री प्रवीण अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष श्री सोबरन सिंह तोमर सहित अन्य व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिगण, एमपीआइडीसी के निदेशक श्री प्रतुल चन्द्र सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष ग्रामीण श्री प्रेम सिंह राजपूत, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के अधिकारी, खजिन व पर्यटन विभाग के अधिकारी एवं स्टार्टअप के प्रतिनिधि इत्यादि शामिल हुये ।
सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार उद्यमियों की मदद के लिए कटिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वयं ग्लोबल समिट में शामिल होने या रहे हैं। ग्वालियर के उद्यमी बड़ी संख्या में शामिल होकर मीट का फायदा उठाएं।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने इस अवसर पर आह्वान किया ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ग्वालियर के मध्यम एवं सूक्ष्म लघु उद्यमियों की बड़ी भागीदारी हो। उन्होंने आईआईडीसी के निदेशक से कहा कि ग्लोबल समिट में आ रहे विदेशी निवेशकों की ज़रूरतों के बारे में यहां के उद्यमियों को बताएं। साथ ही उनके साथ समन्वय स्थापित कराएँ, जिससे यहाँ के उद्यमियों व क्षेत्र को आर्थिक लाभ हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मुम्बई, बैंगलुरू, कोयम्बटूर, कोलकाता, पुणे में इंटरेक्टिव सेशन आयोजित किए गए, जहां देश के प्रमुख उद्योगपतियों को प्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। इसके साथ ही, यूके और जर्मनी की यात्रा के दौरान भी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त किए गए हैं। इस कड़ी में विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने हेतु प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री एवं उद्योग विभाग के साथ जापान की यात्रा पर हैं। इन प्रयासों से मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश एवं रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। इन प्रयासों से मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।







