जबलपुरमध्य प्रदेश

फनवानी मोड़ पर हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर, आगा चौक का रहने वाला था मृतक

हाईवा जब्त कर तलाश में जुटी मझगवां पुलिस

जबलपुर, यश भारत। मझगवां थाना क्षेत्र के फनवानी मोड़ पर बीती रात तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आगा चौक उजारपुरवा निवासी सचिन केसरवानी पिता संतोष केसरवानी अपने साथी रवि कनौजिया के साथ बाइक से फनवानी मोड़ से गुजर रहा था। इसी दौरान हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

हादसे की सूचना मिलते ही मझगवां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सिहोरा अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने सचिन केसरवानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि कनौजिया की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही सचिन के परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। आगा चौक क्षेत्र में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

हाईवा जब्त, चालक की तलाश

हादसे के बाद चालक हाईवा छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों और फरार चालक की जानकारी जुटाई जा रही है। मझगवां पुलिस ने चालक की तलाश तेज कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button