जबलपुरमध्य प्रदेश

यशभारत ब्रेकिंग- आधी रात पलटा एम-सैंड से भरा हाईवा, चार कारें दबीं; चालक फरार

समीक्षा टाउन फेज-2 में मचा हड़कंप, बिना नंबर के वाहन पर कार्रवाई की मांग

जबलपुर, यशभारत। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के समीक्षा टाउन फेज-2 में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माण सामग्री (एम-सैंड) से भरा एक हाईवा अनलोडिंग के दौरान अचानक असंतुलित होकर पलट गया। हादसे की चपेट में आसपास खड़ी चार फोर व्हीलर गाड़ियां आ गईं, जो हाईवा के नीचे दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

बताया जा रहा है कि समीक्षा टाउन फेज-2 में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए देर रात एम-सैंड से भरा हाईवा पहुंचा था। अनलोडिंग के दौरान अचानक वाहन पलट गया और पास में खड़ी कारों पर जा गिरा। रात के समय अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, इसलिए किसी को घटना की भनक नहीं लगी।

सुबह जब वाहन मालिकों की नींद खुली तो उन्होंने अपनी कारों को हाईवा के नीचे दबा हुआ देखा। यह नजारा देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में रहवासी मौके पर एकत्र हो गए। हादसे में कारों को भारी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा जनहानि हादसा हो सकता था।

स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों के लिए देर रात भारी वाहन कॉलोनी के भीतर प्रवेश कर रहे हैं। जिस हाईवा से हादसा हुआ वह बिना नंबर का बताया जा रहा है। लोगों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से चल रहे ऐसे हाईवा और डंपर कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।

रहवासियों ने यातायात विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि बिना नंबर और नियम विरुद्ध संचालित होने वाले भारी वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा रिहायशी क्षेत्रों में रात के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण लगाया जाए। वहीं सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button