तीन मासूम बच्चों की मौत के बाद महिला ने भी की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
पंजाब के मानसा में दिल दहला देने वाली घटना

पंजाब। पंजाब के मानसा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शहर के वार्ड नंबर-3 में एक महिला और उसके तीन नाबालिग बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर पहले अपने तीन बच्चों की जान ली और उसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, महिला के पति का करीब चार वर्ष पहले निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद वह अपनी सास और तीन बच्चों के साथ किराये के मकान में रह रही थी। मृतकों में दो बेटियां और करीब डेढ़ साल का एक बेटा शामिल है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
सूचना मिलते ही थाना सिटी-2 पुलिस मौके पर पहुंची और चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्चों को पहले किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराया गया और बाद में उनकी गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद महिला ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आशंकाओं की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
जांच अधिकारी कुलवंत सिंह के अनुसार, पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर ही इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







