चार सूत्रीय मांगों को लेकर आज डीपीआई का घेराव करेंगे व्यावसायिक प्रशिक्षक अनिश्चितकालीन आंदोलन दूसरे दिन में प्रवेश, हजारों प्रशिक्षकों के भोपाल पहुंचने का दावा

चार सूत्रीय मांगों को लेकर आज डीपीआई का घेराव करेंगे व्यावसायिक प्रशिक्षक
अनिश्चितकालीन आंदोलन दूसरे दिन में प्रवेश, हजारों प्रशिक्षकों के भोपाल पहुंचने का दावा
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत व्यावसायिक प्रशिक्षकों का अनिश्चितकालीन आंदोलन मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहेगा। नवीन व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक महासंघ एनवीईटीए के बैनर तले आंदोलनरत प्रशिक्षक अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर आज लोक शिक्षण संचालनालय डीपीआई का महा घेराव करेंगे। महासंघ के अनुसार आंदोलन सुबह 10 बजे से डीपीआई गौतम नगर में शुरू होगा। संगठन का दावा है कि आंदोलन के पहले दिन आंबेडकर पार्क में आयोजित प्रदर्शन में पुलिस की सख्ती के बावजूद प्रदेशभर से 3500 से अधिक व्यावसायिक प्रशिक्षक भोपाल पहुंचे थे। महासंघ ने यह भी दावा किया कि आंदोलन को मध्यप्रदेश शिक्षक संघ का समर्थन प्राप्त है। प्रदर्शनकारी प्रशिक्षक सम्मानजनक वेतन नौकरी की सुरक्षा स्पष्ट अवकाश नीति सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि लंबे समय से व्यावसायिक प्रशिक्षकों को कम मानदेय और अस्थिर सेवा शर्तों के बीच कार्य करना पड़ रहा है जिससे उनमें असंतोष व्याप्त है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश सिंह परमार ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता आंदोलन जारी रहेगा। संगठन ने बड़ी संख्या में प्रशिक्षकों से डीपीआई पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। उधर आंदोलन को देखते हुए डीपीआई परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान प्रशासन की ओर से कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। अब सभी की निगाहें सरकार और आंदोलनकारी प्रशिक्षकों के बीच होने वाली संभावित वार्ता पर टिकी हैं।







