मध्य प्रदेश में इसी महीने लागू होगी समान नागरिक संहिता : सीएम डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश में इसी महीने लागू होगी समान नागरिक संहिता : सीएम डॉ. मोहन यादव
लालघाटी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, बीजेपी नेताओं के साथ किया पौधरोपण
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में इसी महीने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू हो सकती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर यह बड़ा ऐलान किया। भोपाल के लालघाटी स्थित डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने साफ किया कि राज्य सरकार जनहित और संविधान की भावना के अनुरूप इस दिशा में तेजी से कदम आगे बढ़ा रही है।
एक विधान, एक निशान, एक प्रधान’ का संकल्प होगा पूरा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता के लिए एक विधान, एक निशान, एक प्रधान का जो संकल्प लिया था, मध्य प्रदेश सरकार उसे साकार करने के लिए निरंतर काम कर रही है। इसी कड़ी में प्रदेश में इसी माह समान नागरिक संहिता लागू करने की तैयारी है।
बीजेपी नेताओं के साथ किया पौधरोपण
डॉ. मुखर्जी की जयंती के इस गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने परिसर में पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के देशहित में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।







