कानपुर में दो जगह भीषण आग: गैराज में 5 कारें खाक, शॉर्ट सर्किट से लगी आग में बुजुर्ग की मौत
मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

कानपुर। शहर में शनिवार को आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। एक ओर शॉर्ट सर्किट से तीन दुकानों में लगी आग में एक बुजुर्ग दुकानदार की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर कार गैराज में भीषण आग से 5 गाड़ियां जलकर राख हो गईं।
पहली घटना घाटमपुर के दीना मार्केट की है, जहां सुबह शॉर्ट सर्किट के चलते तीन दुकानों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों के ऊपर रह रहा परिवार इसकी चपेट में आ गया। इस दौरान 70 वर्षीय रामकिशन की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी समेत परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घी और तेल के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसे काबू करने में फायर ब्रिगेड को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
दूसरी घटना ईदगाह चौराहे के पास स्थित एक कार गैराज की है, जहां देर रात आग लगने से गैराज में खड़ी करीब 5 कारें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। घनी आबादी वाले इलाके में लगी इस आग से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया।
प्रशासन ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी।






