
नोएडा,एजेंसी। नोएडा के सेक्टर-144 में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यहां एक निर्माणाधीन इमारत की शटरिंग अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में काम कर रहे तीन मजदूर आ गए।हादसे के बाद मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य श्रमिक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और मलबे में दबे तीनों मजदूरों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना नोएडा के थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर-144 की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसा सुबह के समय हुआ, जब साइट पर काम चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने निर्माण स्थल पर मौजूद सुपरवाइजर और ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। सेंट्रल जोन की डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही सामने आई है। दोनों से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।







