भोपाल

कड़ी सुरक्षा के बीच तीन घंटे चला ट्विशा का पोस्टमार्टम – दिल्ली एम्स के डॉक्टर रिपोर्ट तैयार करने में जुटे

कड़ी सुरक्षा के बीच तीन घंटे चला ट्विशा का पोस्टमार्टम
– दिल्ली एम्स के डॉक्टर रिपोर्ट तैयार करने में जुटे
– शाम 5 बजे भदभदा शमशान घाट पर किया जाएगा अंतिम संस्कार
भोपाल, यश भारत। रिटायर्ड जज की बहू और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब पूरी तरह पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिक गया है। राजधानी भोपाल के एम्स में रविवार को दिल्ली एम्स की चार सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने ट्विशा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमार्टम शुरू किया। करीब तीन घंटे तक पोस्टमार्टम किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एम्स परिसर की मॉर्च्यूरी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम 5 बजे भदभदा शमशान घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। हालांकि उन्होंने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने मामले की जांच जल्द से जल्द सीबीआई को सौंपने की मांग दोहराई है।
इस हाई-प्रोफाइल केस ने राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींचा है। सुप्रीम कोर्ट ने भी मामले का स्वत: संज्ञान लिया है और सोमवार को चीफ जस्टिस की बेंच में इसकी सुनवाई होनी है। माना जा रहा है कि दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट इस केस की दिशा तय करने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी।
उधर, आरोपी पति समर्थ सिंह फिलहाल भोपाल पुलिस की सात दिन की रिमांड पर है। जिला अदालत ने न केवल पुलिस रिमांड मंजूर की, बल्कि उसका पासपोर्ट जब्त करने के आदेश भी दिए हैं। पुलिस पूछताछ में समर्थ ने दावा किया है कि शादी के बाद दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन 17 अप्रैल को ट्विशा की प्रेग्नेंसी की पुष्टि होने के बाद उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा था।समर्थ के मुताबिक, ट्विशा घरेलू जीवन से परेशान थी और दिल्ली लौटना चाहती थी। उसने पुलिस को बताया कि 24 अप्रैल को ट्विशा अपने भाई के पास अजमेर गई थी, लेकिन बाद में दिल्ली चली गई और 30 अप्रैल को भोपाल लौटी।
पूछताछ में समर्थ ने यह भी कहा कि ट्विशा अक्सर कहती थी कि वह ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ी है और घरेलू जिंदगी उसके लिए नहीं है। हालांकि पुलिस इन बयानों को संदेह की नजर से देख रही है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी खुद को बचाने के लिए घटनाक्रम को अलग दिशा देने की कोशिश कर रहा है।
पुलिस के अनुसार 12 मई की शाम ट्विशा पार्लर से लौटने के बाद समर्थ के साथ घर के सामने पार्क में वॉक पर गई थी। दोनों ने साथ में खाना खाया और फिर कमरे में टीवी देखा। समर्थ का कहना है कि बाद में ट्विशा नीचे वाले कमरे में जाकर अपने माता-पिता से फोन पर बात करने लगी और इसी दौरान वह सो गया। कुछ देर बाद उसकी मां गिरिबाला सिंह ने फोन कर बताया कि ट्विशा दिखाई नहीं दे रही और कॉल रिसीव नहीं कर रही। मामले में नया मोड़ तब आया जब मायके पक्ष ने आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। अब पूरा मामला दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिक गया है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या सुनियोजित हत्या। भोपाल से लेकर दिल्ली तक इस केस पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button