2 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

2 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
एक्टिवा पर ग्राहक का इंतज़ार कर रहे थे आरोपी, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
भोपाल,यशभारत। राजधानी की क्राइम ब्रांच पुलिस ने गोविंदपुरा क्षेत्र में सब्जी मंडी के पास घेराबंदी कर 2.14 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक एक्टिवा और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
एडिशनल डीसीपी शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली कि कस्तूरबा अस्पताल के पास दो युवक काले रंग की एक्टिवा पर ड्रग्स बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही सउनि मो. सादिक खान के नेतृत्व में विशेष टीम ने घेराबंदी कर हर्ष यादव और सौरभ तेजवानी को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2.14 ग्राम एमडी बरामद हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह ड्रग्स 11 मील मिसरोद निवासी गुरदीप सिंह से खरीदी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर गुरदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शहर के युवाओं को ऊंचे दामों पर ड्रग्स सप्लाई करते थे।
पढ़े-लिखे युवक दलदल में फंसे
पकड़े गए आरोपियों में हर्ष यादव और सौरभ तेजवानी ग्रेजुएट हैं। सौरभ कॉल सेंटर में काम करता है, जबकि हर्ष अभी पढ़ाई कर रहा है। वहीं, मुख्य सप्लायर गुरदीप सिंह पहले भी मारपीट के मामले में आरोपी रह चुका है। पुलिस अब इन आरोपियों के मोबाइल फोन खंगाल रही है ताकि शहर में फैले इस नेटवर्क के अन्य गुर्गों और ग्राहकों का पता लगाया जा सके।







