भोपाल

कलियासोत नदी किनारे अवैध डेयरी पर चला बुलडोजर

कलियासोत नदी किनारे अवैध डेयरी पर चला बुलडोजर

– पुलिस के पहुंचने से पहले गौमांस लेकर भागे आरोपियों की सूचना, मौके से मिले गोवंश के अवशेष जांच के लिए भेजे

भोपाल, यशभारत। कोलार क्षेत्र के दामखेड़ा में कलियासोत नदी किनारे स्थित गब्बर डेयरी पर पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की। गोवंश के वध की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से गोवंश के कटे अवशेष मिले। पुलिस के पहुंचने से पहले कुछ आरोपी गौमांस लेकर चार पहिया वाहन से फरार हो गए। मामले में डेयरी संचालक गब्बर यादव, उसके भाई मुन्ना यादव और आसिफ खान को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में डेयरी के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
शिकायत के बाद पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, छोला निवासी बजरंग दल कार्यकर्ता रामजी पाठक ने शुक्रवार तड़के शिकायत की थी। उन्हें सूचना मिली थी कि कोलार के दामखेड़ा में अमरनाथ कॉलोनी के आगे कलियासोत नदी किनारे स्थित गब्बर डेयरी में गोवंश का वध किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कुछ आरोपी कथित तौर पर गौमांस लेकर वाहन से भाग चुके थे।
90 से 100 मवेशी रखे जाने की जानकारी
पुलिस के मुताबिक, डेयरी में 90 से 100 मवेशी रखे जाने की जानकारी मिली है। घटनास्थल से मिले गोवंश के अवशेष जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ
कार्रवाई के बाद गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में डेयरी के अवैध निर्माण को हटाया। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और फरार आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button