कद नहीं कद्र होनी चाहिए; 2.5 फीट की दुल्हन से शादी की खूब चर्चा, लव स्टोरी बेमिसाल

जबलपुर में एक अनोखे प्रेमी जोड़े की शादी आज हर जगह चर्चा का विषय बन गई है। मियां-बीवी राजी तो किया करेगा काजी, इस बात को सच साबित करते हुए साढ़े 5 फिट के दूल्हे ने ढाई फुट की दुल्हन संग शादी कर सबको चौंका दिया है। कहते हैं कि प्यार में पड़ा इंसान अपने प्रेमी का रंग-रूप, जाति और धर्म नहीं देखता।
जबलपुर के घाना में एक अजब और रोचक दृश्य देखने को मिला, यहां ढाई फुट की लड़की की शादी साढ़े 5 फुट के लड़के से हुई है। लड़की और लड़का दोनों एक दूसरे को पिछले आठ साल से जानते हैं और प्रेम करते हैं। साथ ही दोनों एक ही मोहल्ले में रहते हैं और एक दूसरे के पड़ोसी भी हैं। सामाजिक संस्था बीएचसीएचआई के सदस्य ने इनका विवाह कराया है।
जबलपुर के हनुमानताल स्थित शिव मंदिर में ढाई फुट की संध्या की शादी साढ़े पांच फिट के प्रभात के साथ बड़ी ही धूमधाम से करवाई गई। इसमें प्रभात के परिवार वाले भी शामिल हुए, हालांकि संध्या की मां को इस शादी को लेकर अपत्ति थी। बताया जाता है कि 8 साल से दोनों एक दूसरे को जानते हैं और जबलपुर की एक सामाजिक संस्था ने संध्या और प्रभात की शादी करवाने का बीड़ा उठाया था।
दुल्हन संध्या ने टीवी शो में लिया था भाग
बता दें कि, दूल्हा प्रभात, रीवा की एक कंपनी में नौकरी करता है। वहीं संध्या एक अच्छी डांसर है और समय-समय पर डांस शो भी करती है। संध्या ने टीवी शो बूगी-बूगी में भी भाग लिया था। उस समय भी संध्या ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। संध्या की हाइट भले ही कम हो पर वो अच्छी डांसर है। संध्या ने मध्य प्रदेश सहित कई जगहों पर डांस के प्रोग्राम किए हैं।
विवाह के लिए घर छोड़ा
संध्या और प्रभात दोनों ही जबलपुर के घाना मोहल्ले में आसपास रहते हैं। संध्या ने प्रभात के साथ शादी करने की इच्छा के बारे में अपनी मां और भाई को बताया तो पहले तो उसकी मां शादी के लिए तैयार हो गई, लेकिन बाद में मना कर दिया। संध्या की जिद थी कि वह शादी करेगी तो सिर्फ प्रभात से ही करेगी। इस दौरान संध्या की जिद के कारण उसकी मां ने उसे घर से निकाल दिया। ऐसे में बीएचसीएचआई संस्था के सदस्य ने न सिर्फ संध्या को रहने का आश्रय दिया, बल्कि प्रभात से उसकी शादी कराने का वादा भी किया।
संध्या और प्रभात बीते आठ साल से एक दूसरे को जानते हैं। पड़ोसी होने के चलते वो दोनों एक दूसरे से बात करने लगे। धीरे-धीरे उन दोनों में प्यार हो गया। इसके बाद अक्सर दोनों साथ में ही रहते थे। कई बार तो ऐसा हुआ कि ढाई फुट की संध्या के साथ प्रभात को देखकर लोगों ने उनकी हंसी भी उड़ाई, लेकिन इससे दोनों को कोई फर्क नहीं पड़ा।
शनिवार के दिन प्रभात ओर संध्या के विवाह का समय तय हुआ। मां की नाराजगी की वजह से बीएचसीएचआई संस्था की अध्यक्ष रीना सिंह और अन्य लोगों ने संध्या के परिवार वालों की हैसियत से उसको हल्दी लगाई। इसके बाद प्रभात और संध्या ने एक दूसरे को जयमाला पहनाईं और सात फेरे लिए। शादी के बाद प्रभात ने अपनी नई नवेली दुल्हन संध्या के लिए एक कमरा किराए पर लिया है, जहां दोनों ने गृह प्रवेश किया।