मंडलामुख्य ख़बरें

चोरी का हाई-टेक नेटवर्क ध्वस्त: पुलिस के जाल में फंसे 5 शातिर…. पढ़ें सनसनीखेज खुलासा

मंडला सहित अन्य जिलों में करीब दो दर्जन चोरियों का खुलासा, 21.29 लाख रुपये की चोरी करना स्वीकार; चांदी के जेवर, नकदी और दो मोटरसाइकिल जब्त

मंडला। थाना महाराजपुर पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों ने जिला मंडला के विभिन्न थाना क्षेत्रों सहित जबलपुर और डिंडौरी जिले में करीब दो दर्जन चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से चांदी के आभूषण, दो हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 90 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया गया है। आरोपियों द्वारा जिला मंडला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 21 लाख 29 हजार 700 रुपये की चोरी करना स्वीकार किया गया है।

सूरजपुरा की चोरी से खुला राज

पुलिस अधीक्षक मंडला श्री राजेश रघुवंशी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी मंडला श्री पीयूष मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम सूरजपुरा निवासी कमलेश धुर्वे अपनी पत्नी राजकली के साथ घर में ताला लगाकर मोटरसाइकिल से ग्राम अहमदपुर काम से गए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे वापस लौटने पर घर के लोहे के गेट और मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। घर के अंदर पेटी में रखे कपड़े बिखरे हुए थे तथा उनमें रखी करीब 15 तोला वजनी चांदी की एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी चांदी की बिछिया और दो हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना महाराजपुर में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

संदिग्ध पांच युवकों से पूछताछ में हुआ खुलासा

चोरी गए मशरुका की तलाश और आरोपियों की पतासाजी के दौरान पुलिस को मुखबिर तथा ग्रामवासियों से सूचना मिली कि ग्राम सूरजपुरा में पांच युवक दो मोटरसाइकिलों के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों युवकों से पूछताछ की। उनके पास हीरो कंपनी की HF डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 50 MV 0433 तथा बिना नंबर की नई होंडा SP 160 मोटरसाइकिल मिली। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे 30 अक्टूबर को विजय मरावी की HF डीलक्स मोटरसाइकिल और अरबेद उर्फ भूपेन्द्र धुर्वे की नई होंडा मोटरसाइकिल से महाराजपुर आए थे। यहां सभी ने चोरी की योजना बनाई और ग्राम सूरजपुरा में बरगद के पेड़ के पास स्थित सूने मकान के गेट और दरवाजे का ताला तोड़कर चांदी की पायल तथा दो जोड़ी बिछिया चोरी कर ली थीं।

मंडला के कई थाना क्षेत्रों में की वारदातें

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जिला मंडला के थाना निवास क्षेत्र में पांच स्थानों, थाना मोहगांव क्षेत्र में पांच स्थानों तथा थाना नैनपुर क्षेत्र में एक स्थान पर चोरी करना स्वीकार किया। थाना निवास क्षेत्र में ग्राम निवसी में 30 सितंबर को 95 हजार रुपये तथा 8 अक्टूबर को 88 हजार रुपये की चोरी की गई। इसके अलावा ग्राम बिझौली में 7 अक्टूबर को 25 हजार रुपये, ग्राम पथर्री में 15 मई को 95 हजार रुपये तथा निवास में 8 अक्टूबर को 9 लाख 70 हजार रुपये की चोरी की गई। इन वारदातों में कुल 12 लाख 73 हजार रुपये का मशरुका चोरी होना बताया गया है। इसी तरह थाना मोहगांव क्षेत्र के ग्राम अंडिया रैयत में 8 जून को 76 हजार रुपये, ग्राम सालीवाड़ा में 16 जून को 10 हजार रुपये, ग्राम चुभावल में 29 जुलाई को 72 हजार 700 रुपये, ग्राम सहजर में 12 सितंबर को 2 लाख 96 हजार रुपये तथा ग्राम खर्राछापर में 12 नवंबर को 70 हजार रुपये की चोरी करना स्वीकार किया गया। इन घटनाओं में कुल 5 लाख 24 हजार 700 रुपये का मशरुका चोरी होना बताया गया है। वहीं थाना नैनपुर क्षेत्र के ग्राम अतरिया में 24 अक्टूबर को करीब 3 लाख रुपये की चोरी करना भी आरोपियों ने स्वीकार किया है।

जबलपुर और डिंडौरी जिले में भी फैला था नेटवर्क

पुलिस के अनुसार आरोपियों एवं उनके अन्य साथियों ने जिला मंडला के अलावा जिला जबलपुर के थाना बरेला तथा जिला डिंडौरी के थाना मेहंदवानी क्षेत्र में भी कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। पूछताछ में करीब दो दर्जन चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया गया है। इस प्रकार जिला मंडला के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी किए गए मशरुका की कुल अनुमानित कीमत 21 लाख 29 हजार 700 रुपये बताई गई है। अन्य थाना क्षेत्रों में हुई चोरियों के संबंध में संबंधित पुलिस द्वारा आरोपियों का रिमांड प्राप्त कर चोरी गए मशरुका की बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी।
रेकी कर सूने मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अलग-अलग क्षेत्रों के गांवों में घूमकर घरों की रेकी करते थे। विशेष रूप से सड़क किनारे स्थित ऐसे मकानों को निशाना बनाया जाता था, जिनमें ताला लगा होता था और जिनके आसपास लोगों की आवाजाही कम रहती थी। आरोपी पहले मकानों की स्थिति और चोरी के अनुकूल अवसरों की जानकारी जुटाते थे, इसके बाद ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद अन्य स्थानों पर भी इसी तरह की वारदातों की योजना बनाई जाती थी।

पांच आरोपी गिरफ्तार, दो मोटरसाइकिल सहित मशरुका जब्त

पुलिस ने इस मामले में करन धुर्वे पिता सागर धुर्वे उम्र 20 वर्ष, विजय मरावी पिता जयलाल मरावी उम्र 28 वर्ष, मनोज धुर्वे उर्फ किसन पिता प्रेमलाल धुर्वे उम्र 25 वर्ष, अरबेद उर्फ भूपेन्द्र धुर्वे पिता वीरेन्द्र धुर्वे उम्र 23 वर्ष, सभी निवासी शेरवार क्षेत्र थाना परसवाड़ा जिला बालाघाट तथा एक 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से करीब 15 तोला वजनी चांदी की एक पायल, दो जोड़ी चांदी की बिछिया, दो हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य करीब 1 लाख 90 हजार रुपये बताया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विजय उर्फ करिया पिता जयलाल मरावी के विरुद्ध थाना परसवाड़ा जिला बालाघाट में वर्ष 2018 में अपराध क्रमांक 55/2018 के तहत धारा 354(ए), 506 भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button