युवती के हाथ से मोबाइल छीनकर बदमाश हुए फरार

युवती के हाथ से मोबाइल छीनकर बदमाश हुए फरार
भोपाल,यश भारत। राजधानी के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र एमपी नगर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ दिनदहाड़े एक युवती के साथ लूट की वारदात सामने आई है, जहाँ अज्ञात बदमाश मोबाइल झपटकर रफूचक्कर हो गए।
चलते फोन पर बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सौम्या राजपूत मानसरोवर कॉम्प्लेक्स (जोन-2) के पास से गुजर रही थीं। वह अपने किसी काम के सिलसिले में फोन पर बात करते हुए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए अज्ञात बदमाशों ने फुर्ती से उनके हाथ से मोबाइल छीना और भाग निकले।
पीड़िता जब तक शोर मचाती या कुछ समझ पाती, तब तक बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर आंखों से ओझल हो चुके थे।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही एमपी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।






