वर्दी का नशा उतरा, शराब का चढ़ा… एसपी की कलम चली तो ‘भूतपूर्व’ हो गए आरक्षक साहब! : सेवा समाप्त

नरसिंहपुर। पुलिस विभाग में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्तरदायित्व सर्वोपरि हैं। पुलिस सेवा में पदस्थ प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने आचरण एवं कार्यशैली में विभागीय अनुशासन और सेवा नियमों का पूर्ण पालन करे। अनुशासनहीनता एवं कर्तव्य के प्रति लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा विभागीय अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से सख्त कार्यवाही करते हुए पुलिस लाईन में पदस्थ आरक्षक शुभम जाट को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया है।
आरक्षक शुभम जाट के विरुद्ध पूर्व में अत्यधिक शराब का सेवन करने, अभद्र व्यवहार करने एवं बार-बार अनधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने जैसे कृत्यों के संबंध में कुल 6 विभागीय जांच की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, उनके विरुद्ध वर्तमान में भी 3 विभागीय जांचें लंबित हैं, जिन्हें सेवा से पृथक किए जाने के कारण स्थगित रखा गया है।
आरक्षक शुभम जाट के लंबे समय तक अनधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने के संबंध में की गई विभागीय जांच पूर्ण होने पर उनके विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए। विभागीय जांच में आरोप सिद्ध होने के उपरांत प्रचलित सेवा नियमों के तहत नियमानुसार कार्यवाही करते हुए पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा उन्हें पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया गया।
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना का स्पष्ट संदेश है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं सेवा नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय अनुशासन एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।







