पुलिस को पीछे देख कार छोड़कर भागा शराब तस्कर,1.45 लाख रुपए की 17 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

जबलपुर यशभारत। जिले के चरगंवा थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस को पीछा करते देख एक कथित शराब तस्कर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो उसके अंदर से अंग्रेजी शराब की 17 पेटियां बरामद हुईं। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने शराब और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को देख कार छोड़कर भागा
जानकारी के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के दौरान संबंधित कार संदिग्ध परिस्थितियों में नजर आई। पुलिस को पीछे आता देख कार चालक घबरा गया और सिद्ध बाबा मोड़ पर वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें अंग्रेजी शराब की 17 पेटियां मिलीं। पुलिस के मुताबिक शराब तस्कर कार में गोटेगांव की ओर से शराब लेकर जबलपुर की ओर जा रहा था।
पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है शराब तस्कर इसे कहां पहुंचाया जाना था। फरार चालक की पहचान और उसकी तलाश भी की जा रही है। कार के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक से संबंधित जानकारी जुटाई जा सकती है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब का परिवहन वैध दस्तावेजों के साथ किया जा रहा था या इसके पीछे अवैध तस्करी का मामला है। फिलहाल, 17 पेटियों में मिली शराब की बरामदगी के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। फरार चालक के पकड़े जाने के बाद शराब के स्रोत और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।







