भोपाल
कलेक्टर ने किसानों संग कंधे पर उठाई बोरी, तौल कांटे का पूजन कर दिलाया भरोसा

कलेक्टर ने किसानों संग कंधे पर उठाई बोरी, तौल कांटे का पूजन कर दिलाया भरोसा

नर्मदापुरम, यश भारत । जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग उपार्जन का शुभारंभ बुधवार को एक अलग ही अंदाज़ में हुआ। औपचारिकता निभाने के बजाय कलेक्टर सोमेश मिश्रा खुद किसानों के बीच पहुंचे, उनके साथ तौल कांटे का पूजन किया और फिर मूंग की बोरी अपने कंधे पर उठाकर तौल कांटे पर रखी। कलेक्टर के इस आत्मीय व्यवहार ने किसानों का ध्यान खींचा और खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत यादगार बन गई।
शुभारंभ के बाद कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान हितैषी तरीके से संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि पंजीयन, तौल, परिवहन और भुगतान सहित किसी भी स्तर पर किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा हर शिकायत का मौके पर ही समाधान किया जाए।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में चरणबद्ध तरीके से सभी मूंग उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। कुछ केंद्रों पर खरीदी शुरू हो चुकी है, जबकि गुरुवार शाम तक सभी केंद्र पूरी क्षमता के साथ संचालित होने लगेंगे। बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने भंडारण की विशेष व्यवस्था की है। जिन गोदामों में पर्याप्त स्थान उपलब्ध है, वहीं खरीदी की जा रही है। मूंग की बोरियों को सुरक्षित रखने के लिए तिरपाल, शेड और अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसानों की उपज सुरक्षित रहे और उसकी गुणवत्ता प्रभावित न हो।
निरीक्षण के दौरान तौल व्यवस्था, गुणवत्ता परीक्षण और भंडारण की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। किसानों ने प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि इस बार खरीदी प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के समय पर पूरी होगी।
इस अवसर पर इटारसी एसडीएम नीलेश शर्मा, डिप्टी कलेक्टर नीता कोरी, तहसीलदार सुनीता साहनी, वेयरहाउसिंग डीएम वासुदेव दवांडे, उपसंचालक कृषि रविकांत सिंह, डीआरसीएस शिवम मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।







