भोपालमध्य प्रदेश

भोपाल एसटीएफ ने ढाई करोड़ के नशीली कफ सिरप कांड में पांच इनामी आरोपियों को किया गिरफ्तार

भोपाल एसटीएफ ने ढाई करोड़ के नशीली कफ सिरप कांड में पांच इनामी आरोपियों को किया गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने राजधानी में बड़े स्तर पर चल रहे नशीली कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने गांधीनगर और मुबारकपुर क्षेत्र में पकड़ी गई अवैध कफ सिरप फैक्ट्री और गोदाम के मामले में फरार चल रहे पांच मुख्य इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पकड़े गए आरोपियों पर कुल 80 हजार रुपये का इनाम घोषित था, जिन्हें एसटीएफ की टीमों ने अलग-अलग राज्यों और जिलों से घेराबंदी कर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जिनसे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में एसटीएफ ने अब तक कुल 2.5 करोड़ रुपये की जब्ती की है। विवेचना के दौरान गांधीनगर की फैक्ट्री और मुबारकपुर स्थित गोदाम से कुल 73,104 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये है। इसके अलावा री-पैकिंग और री-फिलिंग मशीनें, दो आयशर ट्रक और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।

एसटीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 30 हजार रुपये का इनामी अर्जुन मालवीय निवासी तिलाखेड़ी भोपाल है, जिसे भैंसदेही बैतूल से पकड़ा गया। अर्जुन ने गांधीनगर में अवैध फैक्ट्री के संचालन में सहयोग करने के साथ ही अपने दस्तावेजों का उपयोग कर अर्जुन ट्रेडर्स के नाम पर बागसेवनिया में एक डमी फार्मास्युटिकल फर्म खोली थी। वहीं, 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांग टिटोरिया निवासी करौंद को नई दिल्ली से और 20 हजार रुपये के ही इनामी नीरज चेलानी निवासी सिंधी कॉलोनी को इंदौर से भोपाल आते समय गिरफ्तार किया गया। ये दोनों फैक्ट्री और गोदाम के प्रबंधन में शामिल थे। इसके अलावा पांच-पेंट हजार रुपये के इनामी आरोपी नवाब खान और शरीफ खान निवासी करौंद को सीहोर से गिरफ्तार किया गया, जो ट्रकों के जरिए इस नशीली सिरप को अवैध रूप से महाकौशल और विंध्य क्षेत्र के जिलों में सप्लाई करते थे।

गौरतलब हे कि बीती 28/29 मई की रात को एसटीएफ ने गांधीनगर के पटेल सिटी में छापा मारकर ऑनरेक्स कफ सिरप की अवैध री-पैकिंग फैक्ट्री पकड़ी थी, जहां मौके से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button