कुंडम में रफ्तार का कहर: अनियंत्रित ट्रक ने दंपती को रौंदा, मासूम के सामने मां की दर्दनाक मौत

जबलपुर, यश भारत। कुंडम थाना अंतर्गत ग्राम तिलसानी में मंगलवार शाम एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के मुताबिक, ग्राम पड़वार निवासी 35 वर्षीय अजय कुशवाहा अपनी पत्नी प्रियंका काछी और 10 वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ बाइक (MP 20 ZA 7993) से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे तिलसानी तिराहे के पास पहुँचे, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित मालवाहक ट्रक (MP 20 GA 4165) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रियंका सीधे ट्रक के नीचे आ गिरीं और वाहन का अगला टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
इस हृदयविदारक हादसे में जहां एक ओर मासूम बच्चा हिमांशु चमत्कारिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित बच गया, वहीं उसके पिता अजय को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। बुधवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।







