स्लॉट बुकिंग में दिक्कत, सर्वर फेल, केंद्र कम, फसल औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर
उपार्जन में सिस्टम की खामियों से जूझ रहे किसान

जबलपुर, यश भारत। समर्थन मूल्य पर गेहूँ खरीदी को लेकर किए गए सरकारी दावों के बीच इस वर्ष किसान गंभीर अव्यवस्थाओं से जूझ रहे हैं। जिले के लगभग 51 हजार किसानों ने पंजीयन तो कराया, लेकिन व्यवस्थागत खामियां और तकनीकी गड़बड़ियां उनकी परेशानी का कारण बन गई हैं। भारत कृषक समाज महाकौशल प्रांत के अध्यक्ष इंजी. के के अग्रवाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा फसल का भौतिक सत्यापन कराए जाने के बावजूद कई किसानों की जमीन पोर्टल पर असत्यापित दर्शाई जा रही है। सेटलाइट डेटा में त्रुटियों के चलते राजस्व अधिकारियों और किसानों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है।
स्लॉट बुकिंग बना सिरदर्द
किसान रातभर जागकर स्लॉट बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सर्वर की धीमी गति और तकनीकी खामियों के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल पा रही है। 9 मई की अंतिम तिथि नजदीक होने से चिंता बढ़ती जा रही है। भारत कृषक समाज ने मुख्यमंत्री, केंद्रीय कृषि मंत्री और भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है और त्वरित समाधान की मांग की है।
खरीद केंद्र कम, व्यवस्थाएं अधूरी
पिछले वर्ष जहां 100 से अधिक खरीदी केंद्र संचालित थे, वहीं इस बार केवल 60 केंद्र ही बनाए गए हैं। इनमें से कई केंद्र अब तक शुरू नहीं हो सके हैं। जो केंद्र संचालित हैं, वहां भी तोल कांटे, भंडारण और मजदूरों की कमी बनी हुई है। कई केंद्रों के बाहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतारें लगी हैं। किसान दिन में तेज धूप और रात में मच्छरों के बीच ट्रॉलियों में ही समय बिताने को मजबूर हैं। उन्हें यह आशंका सता रही है कि लंबा इंतजार करते-करते उनका स्लॉट ही न निकल जाए।
भ्रष्टाचार के आरोप भी गंभीर
किसानों का आरोप है कि बिना प्रति क्विंटल 50 से 100 रुपए दिए न तो अनाज पास किया जाता है और न ही पर्ची दी जाती है। इससे उनकी आर्थिक और मानसिक परेशानी बढ़ रही है। किसानों का कहना है कि अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जबकि जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। समस्याओं के समाधान के बजाय केवल औपचारिक बैठकों और आश्वासनों तक ही सीमित रह गया है।
यह है मुख्य समस्या
करीब 51 हजार किसानों ने कराया पंजीयन
पोर्टल पर जमीन असत्यापित दिखने से बढ़ी परेशानी
100 के मुकाबले इस बार केवल 60 खरीदी केंद्र
सर्वर फेल होने से स्लॉट बुकिंग प्रभावित
प्रति क्विंटल 50-100 रुपए रिश्वत के आरोप
केंद्रों पर लंबी कतारें, धूप और मच्छरों में रात गुजारने को मजबूर किसान








