एसआईटी ने की जांच पूरी, आज सौंपी जाएगी रिपोर्ट – मप्र के धार जिले में पहुंची एसआईटी ने जुटाए तथ्य

एसआईटी ने की जांच पूरी, आज सौंपी जाएगी रिपोर्ट
– मप्र के धार जिले में पहुंची एसआईटी ने जुटाए तथ्य
भोपाल यशभारत। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादास्पद टिप्पणी के मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित एसआईटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 मई तक जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। संभवत: मंगलवार को रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी। जांच के सागर जोन के पुलिस महानिरीक्षक प्रमोद वर्मा के नेतृत्व में तीन सदस्यीय जांच दल पुलिस महानिदेशक ने बनाया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसआईटी ने मध्यप्रदेश के धार जिले के मानपुर में घटनास्थल पर जाकर भी जांच की है। साथ ही अन्य तथ्यों का परीक्षण किया है। वीडियो की भी जांच की गई है, जिसमें मंत्री विजय शाह कर्नल सोफिया कुरैशी के संबंध में बोल रहे थे। मंच पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की बात सामने आई है। रिपोर्ट के आधार पर ही अब आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बयानों को लेकर मंत्री विजय शाह तीन बार लिखित माफी मांग चुके हैं। हालांकि न्यायालय ने मंत्री विजय शाह के माफीनामे को खारिज कर दिया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के बाद एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोनिया कुरैशी पर टिप्पणी की थी। बयान सामने आने के बाद मंत्री विजय शाह की देश भर में आलोचन की गई थी। हालांकि भाजपा की ओर से अभी इस मामले में चुप्पी साधी हुई है। सूत्रों की माने तो संगठन स्तर पर जल्द ही कोई कदम उठाया जा सकता है। बहरहाल सभी की नजरें एसआईटी की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।







