रैपुरा थाने से पुलिस की गाड़ी लेकर भागा शराबी, बीच बाजार मचाया तांडव, लोगों को रौंदा, आधा दर्जन से अधिक घायल, बस और 3 बाइक चकनाचूर

कटनी/रैपुरा, यशभारत। कटनी से सटे रैपुरा में बुधवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान पुलिस वाहन के अनियंत्रित होकर भीड़ में घुस जाने से हडक़ंप मच गया। शराब के नशे में धुत व्यक्ति ने रैपुरा में खड़ी पुलिस की गाड़ी पर कब्जा कर लिया और उसे बाजार में दानवी रफ्तार से दौड़ा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन ने कई लोगों, खड़े वाहनों और एक बस को ठोकर मार दी। जिससे 9 लोग घायल हो गए, जिनमे से तीन को ज्यादा चोटें आईं। बुधवार होने के कारण बाजार में ग्रामीण, व्यापारी और ग्राहकों की भारी भीड़ थी। दोपहर के समय एक पुलिस वाहन अचानक अनियंत्रित होकर भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंच गया और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन ने सडक़ किनारे खड़ी दर्जनों दोपहिया गाडिय़ों को भी ठोकर मारी। प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि पुलिस का वाहन पांडे बस से भी टकराया, जिससे बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद बाजार में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और व्यापारी मौके पर जमा हो गए। कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए भेजा गया।
इमलिया निवासी है आरोपी
आरोपी इमलिया का रहने वाला बताया जा रहा है, जिसने अत्यधिक शराब पी रखी थी। थाने से गाड़ी निकालकर भागते वक्त उसने राहगीरों को कुचला और राह में खड़ी करीब 3 मोटरसाइकिलों को उड़ा दिया। थाने परिसर के भीतर खड़ी सरकारी गाड़ी की चाबी शराबी के हाथ कैसे लगी, जनता अब पुलिस प्रशासन से जवाब मांग रही है।







