दो छात्राओं के अपहरण से मचा हडक़म्प, पुलिस ने की पड़ताल तो आरोप निकले फजी, छात्राओं ने खुद रची कथित अपहरण की साजिश, हॉस्टल में रहकर पढ़ाई नहीं करने को बताया कारण

बरही/कटनी, यशभारत। कटनी जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खितौली स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस छात्रावास की दो नाबालिग छात्राओं के कथित अपहरण का मामला फर्जी निकला। दोनों छात्राएं कक्षा 7 की हैं। छात्राओं ने अपहरण की खुद साजिश रची थी। इस पूरे घटनाक्रम से पुलिस और परिजन खासा परेशान हुए। थाने पहुंची छात्राओं का आरोप था कि दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने साथ ले गए। एक छात्रा ग्राम जगुआ की है, जबकि एक ग्राम झिरिया की रहने वाली है। बरही टीआई अरविंद चौबे ने सूझबूझ से छात्राओं की साजिश का पर्दाफाश 5 मिनट में ही कर दिया था। छात्राओं के अनुसार बुधवार को वे रोज की तरह स्कूल गई थीं। दोपहर के भोजन अवकाश के दौरान वे एक किराना दुकान पहुंचीं, जहां से कथित तौर पर दोनों युवकों ने उनका अपहरण कर लिया। उनका कहना है कि जब उन्हें होश आया तो वे बरही के मेला ग्राउंड में थीं। इसके बाद दोनों किसी तरह वहां से भागकर बरही.विजयराघवगढ़ मार्ग पर पहुंचीं। पीडि़त छात्राओं ने बताया कि रास्ते में उन्हें पहचान का एक ऑटो चालक मिलाए जिसे उन्होंने पूरी घटना बताई। ऑटो चालक उन्हें ग्राम देवरा लेकर पहुंचा, जहां एक छात्रा के रिश्तेदार एवं ग्राम सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस वाहन से दोनों छात्राओं को बरही थाना लेकर पहुंच गई थी। आखिर 7वी की बालिकाएं हॉस्टल से भागने के लिए अपहरण के लिए इतनी बड़ी साजिश को क्यों रचा। क्या छात्रावास में उन्हें ठीक से रखा नही जा रहा है, या फिर वे रहना नहीं चाहती, यह मुद्दा गंभीरता से जांच का विषय है।
हॉस्टल में नही रहना चाहती है छात्राएं
इस पूरे घटनाक्रम को टीआई अरविंद चौबे ने गभीरता से लेते हुए छात्राओं की बात को भांप लिया था। दरअसल छात्राएं छात्रावास में नही रहना चाहती थी, इसलिए उन्होंने अपहरण की कहानी रची। बहरहाल दोनो छात्राओ को पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
हॉस्टल से भागना चाहती थी छात्राएं, रची कहानी : टीआई
इस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल करने के बाद थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि छात्राओं के अपहरण मामले में नया मोड़ आया। पड़ताल के दौरान बालिकाओं ने कबूल किया कि वे छात्रावास से भागना चाहती थी, इसलिए अपहरण की साजिश रची।






