भोपाल

वेतन न मिलने पर हमीदिया अस्पताल के वॉर्ड बॉय हड़ताल पर -मरीजों और परिजनों को उठानी पड़ी परेशानी

वेतन न मिलने पर हमीदिया अस्पताल के वॉर्ड बॉय हड़ताल पर
-मरीजों और परिजनों को उठानी पड़ी परेशानी
भोपाल, यश भारत । एक महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में बुधवार सुबह हमीदिया अस्पताल के वॉर्ड बॉय हड़ताल पर चले गए। अचानक हुई हड़ताल का असर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर साफ दिखाई दिया। मरीजों को एक वार्ड से दूसरे वार्ड तक ले जाने, जांच के लिए पहुंचाने और ओपीडी तक लाने-ले जाने की व्यवस्था प्रभावित रही। इससे मरीजों के साथ आए परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर में कई जगह परिजन खुद व्हीलचेयर और स्ट्रेचर धकेलते नजर आए। वहीं, ऑक्सीजन सिलेंडर और बेड लिफ्ट के बाहर ही पड़े रहे, क्योंकि उन्हें संबंधित वार्डों तक पहुंचाने के लिए वॉर्ड बॉय उपलब्ध नहीं थे। मरीजों के परिजनों ने बताया कि सुबह से अस्पताल में कोई वॉर्ड बॉय दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण गंभीर मरीजों को भी इधर-उधर ले जाने में उन्हें स्वयं मशक्कत करनी पड़ी। परिजनों का कहना था कि अस्पताल जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवा में इस तरह की स्थिति से मरीजों की परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। खासकर बुजुर्ग और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हुई।
इधर, वॉर्ड बॉय संगठन का कहना है कि पिछले एक महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा था। कई बार संबंधित अधिकारियों के सामने वेतन भुगतान की मांग रखी गई, लेकिन समाधान नहीं होने पर कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप काम बंद कर हड़ताल का निर्णय लिया।
हालांकि, दोपहर करीब एक बजे वॉर्ड बॉय संगठन और संबंधित अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद मामला सुलझ गया। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी मांग सुन ली गई है और उन्हें आश्वासन दिया गया है कि शाम तक वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। इसके बाद सभी वॉर्ड बॉय हड़ताल समाप्त कर अपने-अपने कार्य पर लौट आए। हड़ताल खत्म होने के बाद अस्पताल की व्यवस्थाएं धीरे-धीरे सामान्य होने लगीं और मरीजों को राहत मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button