पुराने नोटों के बदले 62 लाख का झांसा: PHE ड्राइवर से 79 हजार की ठगी

ग्वालियर | इंस्टाग्राम रील के जरिए पुराने नोट बेचकर रातों-रात अमीर बनने का सपना एक सरकारी कर्मचारी को भारी पड़ गया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग में कार्यरत एक ड्राइवर को पुराने नोटों के बदले 62 लाख दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने ₹79,000 की चपत लगा दी। ठगों ने फीस, जीएसटी, गेट पास और पार्सल छुड़ाने के नाम पर अलग-अलग किश्तों में यह राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवा ली।
पीड़ित लोकेंद्र किरार PHE विभाग में ड्राइवर के पद पर कार्यरत हैं। मामला तब शुरू हुआ जब उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील देखी, जिसमें पुराने दुर्लभ नोटों के बदले लाखों रुपये देने का दावा किया गया था।
62 लाख का लालच
रील के माध्यम से संपर्क करने पर ठग ने लोकेंद्र को पुराने नोटों के बदले ₹62 लाख का बड़ा भुगतान करने का झांसा दिया।
आरोपी ने प्रोसेसिंग फीस, जीएसटी, गेट पास और पार्सल चार्ज का बहाना बनाकर तीन बार में कुल ₹79,000 ऐंठ लिए।
79,000 ऐंठने के बाद भी जब ठग की मांगें खत्म नहीं हुईं, तो उसने पीड़ित को डराने के लिए नया हथकंडा अपनाया। आरोपी ने कहा कि “मामला साइबर क्राइम टीम तक पहुँच गया है और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए तुरंत और पैसे ट्रांसफर करने होंगे।” पुलिस और साइबर क्राइम का नाम सुनते ही लोकेंद्र को अहसास हुआ कि वे एक बड़ी धोखाधड़ी का शिकार हो चुके हैं, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराई।







