कल शाम प्रदेश के 5 शहरों में बजेगा सायरन नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

कल शाम प्रदेश के 5 शहरों में बजेगा सायरन नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल को लेकर मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश

भोपाल | यश भारत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रिपरिषद की बैठक से पूर्व 8 मई, बुधवार को होने वाली नागरिक सुरक्षा (#CivilDefence) मॉकड्रिल को लेकर अहम जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर देशभर के 244 जिलों में यह मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें मध्यप्रदेश के पांच प्रमुख नगर — इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और कटनी शामिल हैं।
सायरन, ब्लैकआउट और रेस्क्यू ऑपरेशन की ड्रिल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल शाम 4 बजे से इन पांचों शहरों में नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल की शुरुआत होगी। इस दौरान सायरन के माध्यम से खतरे की सूचना, ब्लैकआउट की स्थिति, प्रमुख अधोसंरचनाओं की सुरक्षा, और आपात स्थिति में घायलों को सुरक्षित निकालने जैसे रेस्क्यू ऑपरेशनों का अभ्यास किया जाएगा।
प्रशासनिक तैयारी के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि इस अभ्यास के सफल संचालन हेतु सभी जिला कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मॉकड्रिल को वास्तविक आपात स्थिति के अनुरूप पूरी गंभीरता से संपन्न कराया जाए।







