जबलपुर

यश भारत ब्रेकिंग -गुरंदी गल्ला मार्केट में भीषण आग, दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं,गुरंदी स्थित गल्ला मार्केट में मची अफरा-तफरी

जबलपुर। गुरंदी स्थित गल्ला मार्केट में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और दुकानदार अपनी दुकानों से सामान बाहर निकालने में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।

दमकल की पांच गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं-आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को मौके पर भेजा गया है। फायर कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। संकरी गलियों और धुएं के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन टीम लगातार मशक्कत कर रही है।

धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया-आग लगने के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया, जिसे दूर-दूर तक देखा गया। आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया गया है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, नुकसान का आंकलन जारी-प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन कई दुकानों में रखे अनाज और अन्य सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button