व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित; संदिग्ध हिरासत में

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में फायरिंग, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सुरक्षित; संदिग्ध हिरासत में
भोपाल, यश भारत: अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में शनिवार रात एक हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी। तेज धमाकों के बीच अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मंच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
हॉल में मची अफरा-तफरी, टेबल के नीचे छिपे मेहमान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान जैसे ही एक अधिकारी ने ‘शॉट्स फायर्ड’ चिल्लाया, बंदूकों से लैस एजेंट्स तेजी से बॉलरूम में दाखिल हुए। सुरक्षा घेरे में लेकर राष्ट्रपति और फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप को तुरंत बाहर निकाला गया। इस दौरान हॉल में मौजूद मेहमानों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई लोग टेबल के नीचे छिप गए तो कुछ जमीन पर ही लेट गए।
संदिग्ध पकड़ा गया, सभी वीवीआईपी सुरक्षित
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और सभी वरिष्ठ अधिकारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। सुरक्षा घेरे के पास से ही संदिग्ध हमलावर को दबोच लिया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया है। सीक्रेट सर्विस अब इस सुरक्षा चूक की जांच कर रही है।
ट्रंप बोले- सीक्रेट सर्विस ने किया शानदार काम
घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “डीसी में काफी अलग शाम रही। सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने शानदार काम किया। उन्होंने बहुत बहादुरी से कार्रवाई की।” सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम स्थल को खाली करा लिया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि वह इस मामले पर व्हाइट हाउस से प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।






