मध्य प्रदेशराज्य

सट्टा के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 9 सटोरिए गिरफ्तार; : 11 अवैध शराब के ठिकानों से 55 लीटर अवैध शराब भी जब्त

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले में जुआ-सट्टा और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस ने सट्टा लिखते हुए नौ लोगों को पकड़ा, जबकि अवैध शराब के खिलाफ 11 स्थानों पर दबिश देकर 11 आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान सट्टा कारोबार से जुड़े आरोपियों के कब्जे से 5,200 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां बरामद हुईं। वहीं अलग-अलग स्थानों से 55 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहर में कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों के आसपास सट्टा पट्टी लिखकर लोगों से रुपए ले रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अमन होटल के पास, जिंदल अस्पताल के पीछे तथा न्यू लाइफ जियारत नाका स्थित शराब दुकान के आसपास घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान दीपक ठाकुर (43), सुखराम इनवाती (70), शंकर बेन (55), अनिल यादव (38), धनीराम नागोतिया (50), ओम कोष्टा (29), शादाब खान (29), गजेन्द्र कोष्टी (72) और ज्योति नंदवार (52) को सट्टा लिखते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपियों के खिलाफ सट्टा एक्ट के तहत अलग-अलग नौ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

11 स्थानों पर शराब के खिलाफ कार्रवाई

सट्टे के साथ ही पुलिस ने गंज सहित शहर के अन्य क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों पर भी कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने 11 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर कुल 55 लीटर अवैध शराब बरामद की। मामले में 11 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध शराब कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा एवं एसडीओपी सिवनी चंचलेश मरकाम के मार्गदर्शन में की गई। टीम में निरीक्षक सतीश तिवारी सहित कोतवाली पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button