कोर्ट के आदेश पर कब्जामुक्त हुई दुकान, पीड़ित परिवार को मिला न्याय
जबलपुर, यश भारत

कोर्ट के आदेश पर कब्जामुक्त हुई दुकान, पीड़ित परिवार को मिला न्याय
जबलपुर, यश भारत। सिविल न्यायालय के आदेश के परिपालन में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने घमापुर क्षेत्र स्थित कांचघर झंडा चौक की एक दुकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराकर पीड़ित पक्ष को सौंप दिया। इस कार्रवाई के बाद लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवार को राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, आवेदक रमेश चौधरी द्वारा दुकान पर अवैध कब्जे को लेकर सिविल न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया गया था। न्यायालय के आदेश के बाद राजस्व विभाग, नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते और घमापुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और शांतिपूर्ण तरीके से कब्जा हटवाकर दुकान का स्वामित्व आवेदक पक्ष को वापस दिलाया। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए दुकान को कब्जामुक्त कराया है।वहीं, पीड़ित पक्ष की कला चौधरी ने आरोप लगाया कि उनकी दुकान का ताला तोड़कर जबरन कब्जा किया गया था। उन्होंने दावा किया कि दुकान में रखा करीब दो लाख रुपये मूल्य का सामान गायब है।







