धनतेरस पर सराफा बाजार में उमड़ी भीड़,सुबह से देर शाम तक दुकानों पर रही ग्राहकों की चहल-पहल
*जबलपुर, यश भारत। धनतेरस के पर्व को लेकर संस्कारधानी जबलपुर के सराफा बाजार में रौनक देखने को मिली। शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी की खरीदारी करने के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजार पहुंचे। सुबह से ही सराफा दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई, जो दिन चढ़ने के साथ बढ़ती गई। बाजार में उमड़ी भीड़ के बीच दुकानों पर खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने की परंपरा को देखते हुए लोगों में खासा उत्साह नजर आया। कोई सोने के आभूषण खरीदता दिखाई दिया तो कोई चांदी के सिक्के, बर्तन और अन्य शुभ वस्तुओं की खरीदारी करता नजर आया। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी की। सराफा बाजार में ग्राहकों की भीड़ के चलते दुकानों पर काफी चहल-पहल रही।
परंपरा और शुभ मुहूर्त का दिखा असर
धनतेरस को खरीदारी के लिए विशेष शुभ माना जाता है। यही वजह है कि इस दिन सोना-चांदी खरीदने को लेकर लोगों में विशेष उत्साह रहता है। बदलते समय के साथ खरीदारी के तौर-तरीकों में बदलाव आया है, लेकिन परंपरा के प्रति लोगों का विश्वास आज भी कायम है। त्योहार के अवसर पर सराफा बाजार में दिखाई दी भीड़ ने दीपावली की रौनक और उत्साह को और बढ़ा दिया।







