भोपाल के न्यू मार्केट में हादसों का खतरा, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल 8 ट्रांसफॉर्मर, संकरी गलियां आग लगने पर कैसे पहुंचेगी फायर ब्रिगेड

भोपाल के न्यू मार्केट में हादसों का खतरा, सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
8 ट्रांसफॉर्मर, संकरी गलियां आग लगने पर कैसे पहुंचेगी फायर ब्रिगेड
भोपाल यश भारत। राजधानी के न्यू मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बाजार में करीब आठ ट्रांसफॉर्मर उनके नीचे कपड़ों की दुकानें संकरी गलियां और बंद पड़ा पुलिस बूथ हादसों की आशंका बढ़ा रहे हैं। हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस बाजार में आगजनी या अन्य आपात स्थिति के दौरान राहत एवं बचाव कार्य प्रभावित होने की चिंता है।
बाजार में कई दुकानों के बाहर सामान रखे होने और अतिक्रमण के कारण रास्ते संकरे हो गए हैं। ऐसे में आग लगने की स्थिति में फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है। वहीं ट्रांसफॉर्मरों और बिजली के तारों के आसपास सुरक्षा इंतजामों की जांच की जरूरत भी महसूस की जा रही है। बाजार में पुलिस बूथ बंद होने से सुरक्षा व्यवस्था और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सुरक्षा के लिए क्या हैं जरुरी
न्यू मार्केट में ट्रांसफॉर्मरों और बिजली के तारों की सुरक्षा जांच कराई जाए। दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाकर रास्ते खाली रखे जाएं। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही बंद पुलिस बूथ को सक्रिय कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए।
सवाल यही है कि किसी हादसे के बाद कदम उठेंगे या पहले ही सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त किए जाएंगे ।







