भोपालमध्यप्रदेश

बुजुर्ग महिला हत्याकांड: वीआईपी गेस्ट हाउस के सामने शव रखकर रहवासियों  ने किया चक्का जाम, भारी पुलिस बल तैनात, देखें वीडियो

बुजुर्ग महिला हत्याकांड: वीआईपी गेस्ट हाउस के सामने शव रखकर रहवासियों  ने किया चक्का जाम, भारी पुलिस बल तैनात, देखें वीडियो

भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद इलाके की वाजपेयी नगर मल्टी में 75 वर्षीय कलरी देवी की सनसनीखेज हत्या और लूट के मामले में जनता का आक्रोश फूट पड़ा है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर आज हजारों की संख्या में स्थानीय रहवासी और परिजन सड़कों पर उतर आए हैं। प्रदर्शनकारियों ने इंदौर-भोपाल रोड पर वीआईपी गेस्ट हाउस के सामने शव रखकर चक्का जाम कर दिया है, जिससे मार्ग पर भारी जाम लग गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

सोने के गहनों के साथ सोने का दांत भी ले गए बदमाश
गौरतलब है कि मृतका के फ्लैट में घुसकर शातिर बदमाशों ने इस वीभत्स वारदात को अंजाम दिया था। महिला के गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश पैरों की पायल, हाथ के कड़े, गले का हार, पैरों की बिछिया के साथ-साथ उनका सोने का दांत भी निकालकर ले गए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि हत्या का मुख्य उद्देश्य लूटपाट करना था।

एसआईटी गठित, 10 हजार का इनाम और करीबी पर शक
घटना की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शाहजहानाबाद एसीपी की निगरानी में एक विशेष जांच दल  का गठन किया है। साथ ही, पुलिस ने आरोपियों का सुराग देने या गिरफ्तारी में मदद करने वालों के लिए 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है। पुलिस कमिश्नर के अनुसार, जिस वक्त वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय बुजुर्ग महिला घर में अकेली थीं, जिसे देखकर पुलिस को अंदेशा है कि इसमें किसी करीबी का हाथ हो सकता है।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने और जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का आश्वासन देने में जुटे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button