राह चलती युवती से मोबाइल की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार

राह चलती युवती से मोबाइल की लूट, बाइक सवार बदमाश फरार
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पिपलानी थाना क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ पैदल जा रही एक युवती के हाथ से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश मोबाइल छीनकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय आरिन हवायत पिता आलोक, पिपलानी इलाके में पैदल कहीं जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो युवकों ने अचानक आरिन के हाथ पर झपट्टा मारा और मोबाइल लूटकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से युवती सहम गई और जब तक उसने शोर मचाया, आरोपी आँखों से ओझल हो चुके थे।
घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुँचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का सुराग लगाया जा सके। स्थानीय पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की धरपकड़ के लिए घेराबंदी की जा रही है और जल्द ही आरोपी गिरफ्त में होंगे।






