भोपाल

एमपी नगर में विराजेंगी मां ज्वाला देवी की प्रतिकृति, हिमाचल की वादियों का होगा आभास   – महाराणा प्रताप नगर व्यापारी उत्सव समिति द्वारा 40 वर्षों से किया जा रहा नवरात्र महोत्सव का आयोजन 

एमपी नगर में विराजेंगी मां ज्वाला देवी की प्रतिकृति, हिमाचल की वादियों का होगा आभास  
– महाराणा प्रताप नगर व्यापारी उत्सव समिति द्वारा 40 वर्षों से किया जा रहा नवरात्र महोत्सव का आयोजन 

भोपाल यशभारत। राजधानी भोपाल में शारदीय नवरात्र को लेकर उत्साह का माहौल है। महाराणा प्रताप नगर व्यापारी उत्सव समिति द्वारा मां दुर्गा पंडाल का भव्य आयोजन कर रही है। समिति पिछले 40 वर्षों से लगातार दुर्गा उत्सव का आयोजन करती आ रही है और हर बार अपनी अनूठी झांकियों एवं मंदिर प्रतिकृतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लेती है। इस बार समिति ने हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों में स्थित माँ ज्वाला देवी मंदिर की प्रतिकृति बनाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की अलग-अलग प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।
समिति अध्यक्ष बिपिन गोस्वामी ने बताया कि उत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। कोलकाता से आए 30 कलाकार पिछले एक माह से पंडाल निर्माण में जुटे हैं। झांकी का निर्माण प्रसिद्ध कलाकार पवित्र रॉय के निर्देशन में किया जा रहा है, वहीं मां दुर्गा की प्रतिमाओं का निर्माण शिल्पकार अभिषेक पॉल द्वारा किया जा रहा है। कलाकारों का कहना है कि प्रतिमाओं में जीवंतता लाने के लिए पारंपरिक तकनीकों और विशेष रंग-संयोजन का उपयोग किया जा रहा है।

हिमाचल की वादियों का कराया जाएगा आभास 

समिति ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को हिमाचल की वादियों का आभास कराने के लिए पंडाल की साज-सज्जा की जा रही है। मंदिर के साथ-साथ नौ देवियों के स्वरूप अलग-अलग रूप में सजाए जाएंगे। आयोजन समिति का दावा है कि इस बार की झांकी पहले से अधिक भव्य और आकर्षक होगी। पिछले वर्षों की झांकियों को भी शहरवासियों ने खूब सराहा है। समिति ने पहले लोटस टेंपल, थाईलैंड का राम मंदिर, दिल्ली का अक्षरधाम मंदिर और नागचंद्रेश्वर मंदिर की प्रतिकृतियां बनाकर लोगों का ध्यान खींचा था। इन भव्य प्रतिकृतियों ने न सिर्फ भोपाल बल्कि आसपास के जिलों से भी श्रद्धालुओं को आकर्षित किया था।

सुरक्षा के लिए किया जाएगा विशेष प्रबंध 

समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। पंडाल परिसर में विद्युत सजावट, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की विशेष तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम और भक्ति संगीत से वातावरण को और भक्तिमय बनाने की योजना है। अध्यक्ष बिपिन गोस्वामी ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी आगे बढ़ाता है। व्यापारी उत्सव समिति का प्रयास है कि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे।

धार्मिंक व सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन 

महाराणा प्रताप नगर का यह दुर्गा पंडाल इस बार भी राजधानी के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा। माँ ज्वाला देवी और नौ स्वरूपों की भव्य झांकी श्रद्धालुओं को विशेष धार्मिक अनुभव कराएगी। आगामी नवरात्र में भक्तगण पंडाल पहुंचकर माँ दुर्गा के दर्शन करेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद उठाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button