भोपालमध्य प्रदेशराज्य

राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया उम्मीदवार, 18 जून को मतदान

राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया उम्मीदवार, 18 जून को मतदान

 भोपाल, यश भारत। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने राज्यसभा चुनाव 2026 और ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इस सूची में मध्य प्रदेश की दो खाली हो रही राज्यसभा सीटों के लिए पार्टी ने बड़ा दांव खेलते हुए राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेता रजनीश अग्रवाल को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।

जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने मध्य प्रदेश की सीटों पर संतुलन साधने की कोशिश की है। एक ओर जहां राष्ट्रीय स्तर के कद्दावर नेता तरुण चुग को मध्य प्रदेश से उच्च सदन भेजने का फैसला लिया गया है, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से प्रदेश संगठन में सक्रिय, जमीनी और प्रखर वक्ता रजनीश अग्रवाल पर भरोसा जताकर स्थानीय नेतृत्व को प्राथमिकता दी गई है। इन दोनों बड़े चेहरों के नाम सामने आने के बाद प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। विधानसभा में वर्तमान संख्या बल के लिहाज से इन दोनों ही सीटों पर भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत मानी जा रही है।

 

18 जून को ही आएंगे नतीजे

निर्वाचन सदन से जारी कार्यक्रम के अनुसार, देश के 12 राज्यों की कुल 26 राज्यसभा सीटों पर आगामी 18 जून को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। लोकतांत्रिक व्यवस्था के तहत मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद उसी दिन यानी 18 जून की शाम को ही चुनाव के परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इसी के साथ ओडिशा की खाली सीट पर होने वाले उपचुनाव के नतीजे भी उसी दिन साफ हो जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button