रजिस्ट्री कार्यालय में कलेक्टर का औचक निरीक्षण : टोकन रजिस्टर जब्त… देखें पूरा वीडियो
संपदा 2.0 के बावजूद अलग रजिस्टर में हो रही थी एंट्री, नकदी को लेकर भी पूछताछ; जांच के बाद होगी कार्रवाई

दमोह। रजिस्ट्री कार्यालय में अनियमितताओं और अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायतों पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान संपदा 2.0 पोर्टल पर ऑनलाइन टोकन व्यवस्था होने के बावजूद अलग रजिस्टर में प्रविष्टियां किए जाने का मामला सामने आया। कलेक्टर के निर्देश पर रजिस्टर जब्त कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान चेंबर में टेबल पर रखी नकदी को लेकर भी पूछताछ की गई। युवक और सर्विस प्रोवाइडर के बयानों में राशि के संबंध में अलग-अलग बातें सामने आईं। नकदी के स्रोत और उद्देश्य की पुष्टि जांच के बाद होगी।
कलेक्टर को दूसरे के नाम पर जमीन बेचने, नजूल व पट्टे की भूमि का बिना अनुमति हस्तांतरण तथा मकानों की रजिस्ट्री केवल भूखंड के रूप में कराने संबंधी शिकायतें भी मिली हैं। इन मामलों की जांच की जाएगी। कार्यालय में एक युवक के सात दिनों से बैठने और उसकी भूमिका की भी पड़ताल होगी।
कलेक्टर ने कहा कि पंजीयन प्रक्रिया पारदर्शी और फेसलेस होनी चाहिए। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नागरिकों को शुल्क की जानकारी देने के लिए रजिस्ट्री कार्यालयों और सर्विस प्रोवाइडरों के यहां सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों और किसानों से अतिरिक्त राशि मांगे जाने पर शिकायत करने की अपील की।







