शहपुरा स्थित ब्रिज का हिस्सा धंसा, भोपाल–जबलपुर नेशनल हाईवे पर यातायात प्रभावित
निर्माण में भ्र्ष्टाचार के आरोप

जबलपुर,यशभारत। भोपाल–जबलपुर नेशनल हाईवे-45 पर शहपुरा–भिटौनी क्षेत्र में बने एक ब्रिज का हिस्सा धंसने से हाइवे पर आवागमन प्रभावित हो गया है। यह ब्रिज शहपुरा से लगे हिस्से में स्थित है, जहां बीते करीब छह महीनों से एक लेन पर निर्माण एवं सुधार कार्य चल रहा था। फिलहाल वाहनों का आवागमन वन-वे व्यवस्था के तहत कराया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सड़क पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव के चलते ब्रिज का एक हिस्सा अचानक धंस गया। बताया जा रहा है कि ब्रिज की सपोर्टिंग दीवार का बड़ा हिस्सा पहले से ही जर्जर अवस्था में था। बारिश के दौरान ब्रिज पर पानी भरने से सीपेज की समस्या शुरू हुई थी, जिससे समय के साथ संरचना कमजोर होती चली गई।
स्थानीय लोगों ने ब्रिज निर्माण में घटिया गुणवत्ता के मटेरियल के उपयोग के आरोप भी लगाए हैं। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एमपीआरडीसी (MPRDC) द्वारा ब्रिज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा उपायों पर काम शुरू करने की बात कही गई है।
ब्रिज का हिस्सा धंसने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो रही है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।







