भोपाल

मप्र में राज्यसभा को लेकर सियासी हलचल तेज  – भाजपा की दो पक्की, तीसरी में टक्कर – राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में जारी है मंथन का दौर

मप्र में राज्यसभा को लेकर सियासी हलचल तेज
– भाजपा की दो पक्की, तीसरी में टक्कर
– राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस में जारी है मंथन का दौर
भोपाल, यशभारत। मध्य प्रदेश में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अप्रैल-मई 2026 में खाली हो रही तीन सीटों के लिए राजनीतिक दलों ने अंदरखाने रणनीति तेज कर दी है। जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी दो सीटों पर मजबूत स्थिति में है, वहीं तीसरी सीट पर मुकाबला दिलचस्प और पेचीदा होता जा रहा है। मौजूदा स्थिति में भाजपा के पास 160 से अधिक विधायक हैं, जिससे उसकी दो सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं। दूसरी ओर कांग्रेस के पास भले ही 65 विधायक दर्ज हों, लेकिन प्रभावी संख्या घटकर करीब 63 रह गई है। विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा के मतदान से बाहर रहने और कुछ विधायकों पर दलबदल की आशंका ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है।
कांग्रेस में उम्मीदवार को लेकर मंथन
कांग्रेस ने अभी तक अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। पार्टी के भीतर कई नामों पर चर्चा जारी है, जिनमें दिग्विजय सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, मीनाक्षी नटराजन और प्रदीप अहिरवार के नाम प्रमुख हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, अरुण यादव अपनी अपनी मंशा जता चुके हैं।
दिग्विजय सिंह का कार्यकाल हो रहा समाप्त
2020 से राज्यसभा सदस्य रहे दिग्विजय सिंह का कार्यकाल अप्रैल 2026 में समाप्त हो रहा है और उनके दोबारा दावेदारी की अटकलें थीं, लेकिन उन्होंने खुद इससे इंकार कर दिया है।
कमलनाथ का ऑफर चर्चा में
इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का एक कथित प्रस्ताव भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार उन्होंने पार्टी हाईकमान को सुझाव दिया था कि यदि उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजा जाए, तो वे नवीन पटनायक की बीजू जनता दल से अपने संबंधों के आधार पर ओडिशा से कांग्रेस को एक अतिरिक्त सीट दिलाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि कमलनाथ ने स्वयं राज्यसभा जाने की इच्छा से इनकार किया है। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक कांग्रेस की एकमात्र संभावित सीट पर संकट गहराता जा रहा है। क्रॉस वोटिंग, विधायकों के छिटकने और बदले समीकरणों के बीच भाजपा तीसरी सीट पर भी दांव लगाने की स्थिति में नजर आ रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button